मुंबई, 24 अप्रैल, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर गोविंद सिंह डोटासरा इतना भड़के कि मीडिया से बात करते हुए उन्होंने गाली दे डाली। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री को काले झंडे इसलिए दिखाए गए कि उन्होंने सीकर से संभाग का दर्जा छीन लिया। वकील हड़ताल पर बैठे है 50 दिन से, जनता में आक्रोश हैं। ऐसे में किसी छात्र संगठन के व्यक्ति ने काला झंडा दिखा दिया तो मुख्यमंत्री की आंख में जलन पैदा हो गई। इन ब्यूरोक्रेट्स को इतनी खुली छूट दे दी कि उसको मारो,पीटो, झूठे मुकदमे लगाओ। वीडियो भेजो कि उसकी (अपशब्द का इस्तेमाल किया) कुटाई की या नहीं की। इससे घृणित बात कोई हो नहीं हो सकती है। देश में जो माहौल है, उसमें हम सब प्रधानमंत्री के साथ हैं। वो आतंकवादियों से बदला ले, पाकिस्तान से बदला ले। लेकिन यहां पर हम लोग संघर्ष करेंगे, लड़ाई लड़ेंगे, जेलों में जाएंगे। इनके सामने घुटने टेकने का काम नहीं करेंगे।
गोविंद सिंह डोटासरा के बयान के बाद अब बीजेपी पीसीसी अध्यक्ष की भाषा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। बीजेपी राजस्थान ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'पूरा देश गम के माहौल में है और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की भाषा देखिए'। इसके अलावा बीजेपी नेता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने भी अपने एक्स अकाउंट पर गोविंद सिंह डोटासरा के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा अपने प्रदेश अध्यक्ष की भाषा सुनिए राहुल गांधी जी, गर्व होगा आपको अपने तेजस्वी हीरे पर। वहीं, इससे पहले आज दोपहर को पीसीसी में कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस बैठक में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई और जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में प्रस्ताव पास करके कहा गया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम सब एकजुट हैं।