नागपुर न्यूज डेस्क: विभागीय आयुक्तालय में बैठक के दौरान पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में सदर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया। शुक्रवार को बैठक के दौरान शिव भोजन थाली केंद्र के संचालक वहां पहुंचे और बकाया भुगतान को लेकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन करने वालों को शांत कराने का प्रयास किया, जिस पर विवाद की स्थिति बन गई। पालकमंत्री के साथ असभ्य व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिव भोजन केंद्र संगठन से जुड़े तानाजी वनवे, श्री मस्के, सुनील बैनर्जी, धरम पाटील और संजय कसोदन के खिलाफ जांच शुरू की है। हालांकि हिरासत में लिए गए चार लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। बताया गया कि पालकमंत्री ने इन पर सख्त कार्रवाई न करने के निर्देश दिए। शिव भोजन थाली केंद्र संचालकों का कहना है कि पिछले चार से छह महीनों से उन्हें भुगतान नहीं मिला है, जिससे वे नाराज हैं।
इस दौरान पालकमंत्री ने संचालकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि जल्द ही बकाया राशि का भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। कई केंद्रों पर चार महीने से तो कुछ जगहों पर छह महीने से अनुदान लंबित है।
वहीं संगठन के जिलाध्यक्ष तानाजी वनवे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अनावश्यक सख्ती दिखाकर माहौल खराब किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि साथियों पर मामला दर्ज किया गया तो संगठन आंदोलन करेगा। बैठक में पालकमंत्री ने एनए सनद एक्ट रद्द करने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब घर बनाने और व्यावसायिक उपयोग के लिए प्रक्रिया सरल होगी, जिससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी।