मुंबई, 28 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। गुजरात के गिर-सोमनाथ जिले में एक बार फिर शेरों की मौजूदगी ने ग्रामीणों में खौफ फैला दिया है। कोडिनार तालुका के पेढवाड़ा गांव में सोमवार रात एक साथ आठ शेरों का झुंड घुस आया। बताया जा रहा है कि इनमें से एक शेरनी ने सबसे पहले सड़क पर बैठे मवेशियों पर हमला किया। इसके बाद पूरा झुंड गांव की गलियों में घूमता रहा, जिससे लोग घरों में कैद हो गए। रात के दौरान शेरों ने एक गाय का शिकार किया और शिकार खाने के बाद भी गांव में ही डटे रहे। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शेरों ने घरों में घुसने की कोशिश भी की। लोग पूरी रात डर के साए में जागते रहे और सुबह के समय ही झुंड जंगल की ओर लौट गया। शेरों की गतिविधियों के कुछ दृश्य गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए, जबकि कई लोगों ने छतों से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गश्त बढ़ा दी। इससे पहले भी कोडिनार तालुका के सिंधज गांव में पांच शेरों के झुंड ने एक गाय का शिकार किया था।
हाल के वर्षों में गिर जंगल क्षेत्र में शेरों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विधानसभा में बताया था कि 2020 में जहां 674 शेर थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 891 तक पहुंच गई है। इनमें 196 शेर, 330 शेरनियां और 225 शावक शामिल हैं। इस वर्ष 10 से 13 मई 2025 के बीच अत्याधुनिक तकनीक से शेरों की गिनती की गई थी, जिसके आधार पर यह आंकड़ा जारी किया गया। फिलहाल गुजरात के 11 जिलों की 58 तहसीलों में शेरों की उपस्थिति दर्ज की गई है, जिनमें जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, द्वारका, पोरबंदर और राजकोट प्रमुख हैं।