नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर जिले के कोंढाली क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस का पिछला पहिया चलते-चलते निकल गया और सामने से आ रहे एक बाइक सवार को टक्कर मारते हुए उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद स्कूल बसों की फिटनेस और तकनीकी जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सावली खुर्द निवासी नामदेव महादेव घागरे बाइक से कोंढाली से अपने घर लौट रहे थे। खापरी क्षेत्र के पास पीछे से आ रही एक स्कूल बस का बाईं ओर का पिछला पहिया अचानक निकल गया। तेज रफ्तार से आगे बढ़े पहिए ने सीधे नामदेव की बाइक को टक्कर मार दी और उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने स्कूल बस की तकनीकी देखरेख में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बस की फिटनेस, रखरखाव और तकनीकी जांच की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हादसे की सूचना मिलते ही कोंढाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक नामदेव अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गौरतलब है कि हाल ही में स्कूल खुलने के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया था। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने सभी स्कूल वाहनों की विशेष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।