नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर के पाचपावली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय युवक ने अपनी ही 68 वर्षीय बुजुर्ग दादी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृत महिला की पहचान किशोरी उर्फ इंदू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम राज प्रभात वाघडे बताया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दादी के एटीएम कार्ड से चोरी-छिपे 20 हजार रुपये निकाल लिए थे। इस बात का खुलासा होने के बाद दादी उसे लगातार डांट रही थीं, जिससे नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी राज अपनी बड़ी दादी इंदू के साथ ही रहता था। करीब चार-पांच दिन पहले उसने घर से दादी का एटीएम कार्ड चुराकर उससे 20 हजार रुपये निकाल लिए थे। जब दादी को इसकी जानकारी हुई तो वह लगातार उसे फटकार लगा रही थीं। बताया जा रहा है कि 20 मई की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान पैसों को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में आकर राज ने चाकू से दादी के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उसने कमरे में फैले खून को साफ किया और वारदात में इस्तेमाल सामान छिपा दिया। अगले दिन घर में कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को शक हुआ। शुक्रवार सुबह जब दूसरा रिश्तेदार दीपक घर के अंदर गया तो उसने इंदू का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
श्वान दस्ते और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राज को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पाचपावली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। वहीं नागपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में डर का माहौल है। पिछले 22 दिनों में शहर में 11 हत्याओं के मामले सामने आने से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।