आईएएनएस पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप, सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने दी कानूनी नोटिस की चेतावनी

Photo Source : Google

Posted On:Friday, November 27, 2026

नागपुर न्यूज डेस्क: कॉकक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने समाचार एजेंसी आईएएनएस पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एजेंसी की ओर से पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। आईएएनएस ने दावा किया था कि लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) की जानकारी मिलने के बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके साथी मीडिया कैमरों से बचते हुए कार्यक्रम स्थल से निकल गए। एजेंसी के मुताबिक, वे अभिनेता प्रकाश राज के बोलने से पहले ही वहां से चले गए थे।

आईएएनएस की इस पोस्ट पर जवाब देते हुए आशुतोष रांका ने कहा कि एजेंसी ने घटनाक्रम की गलत जानकारी दी है और अब उसे कानूनी नोटिस का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आईएएनएस ने शायद आईटी सेल अकाउंट से पोस्ट करने के बजाय गलती से अपने आधिकारिक अकाउंट से पोस्ट कर दिया। रांका ने दावा किया कि प्रकाश राज ने कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया था और वे सभी पुलिस की मौजूदगी में आराम से कार्यक्रम स्थल से निकले थे। आईएएनएस के वीडियो में पार्टी नेताओं की गाड़ियों के पीछे मीडिया कर्मियों को जाते और बाद में प्रकाश राज को पुलिस अधिकारी के साथ बाहर आते दिखाया गया है। हालांकि, वीडियो से एजेंसी के दावे की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं होतीं।

यह विवाद गुरुवार को नागपुर में सीजेपी की ओर से आयोजित प्रदर्शन के बाद सामने आया। संविधान दिवस पर पार्टी ने संविधान चौक पर 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' नाम से रैली की थी, जिसमें अभिजीत दीपके और पार्टी के अन्य नेताओं ने भाषण दिया। दीपके ने बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है और देश की कोई भी संस्था ऐसी नहीं बची है, जिस पर कब्जा न किया गया हो। अपने खिलाफ मुंबई पुलिस की ओर से जारी एलओसी का जिक्र करते हुए उन्होंने पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी। दीपके ने कहा कि वह संविधान चौक पर मौजूद हैं और जेल जाने से नहीं डरते, क्योंकि वह पहले भी दो बार जेल जा चुके हैं।

वहीं, आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी बड़े शहरों में प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों से बातचीत करेगी और युवाओं की आवाज उठाएगी। बता दें कि गांधी जयंती पर शिवाजी पार्क में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में दर्ज एफआईआर के संबंध में मुंबई पुलिस ने अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सीजेपी नेता सौरव दास के खिलाफ एलओसी जारी की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक इन नेताओं को देश छोड़ने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया। 23 नवंबर को दास को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्रिटेन जाते समय एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। उन्होंने दिल्ली हाई कोर्ट में एलओसी को चुनौती दी है।


नागपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. nagpurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.