नागपुर न्यूज डेस्क: नागपुर में महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एंड हाइयर स्कैंडरी एजुकेशन की बारहवीं की परीक्षा के दौरान पेपर लीक का गंभीर मामला सामने आया है। विज्ञान संकाय के भौतिकी और रसायन विज्ञान के प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों के व्हॉट्सऐप समूह पर पहुंच गए थे। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बड़े गिरोह के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
यह मामला ‘सेंट उर्सुला’ परीक्षा केंद्र पर उजागर हुआ। रसायन विज्ञान की परीक्षा के दौरान एक छात्रा बार-बार शौचालय जाने लगी, जिससे कक्ष निरीक्षकों को संदेह हुआ। महिला शिक्षिका द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ। मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र व्हॉट्सऐप समूह में साझा किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि उस व्हॉट्सऐप समूह में 15 विद्यार्थी जुड़े हुए थे। पूछताछ के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि शहर के एक निजी कोचिंग संस्थान के शिक्षक ने पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। समूह के अन्य 13 विद्यार्थी शहर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे थे। पुलिस ने सभी की जानकारी एकत्र कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
केंद्र प्रमुख की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इससे पहले हुई भौतिकी की परीक्षा का प्रश्नपत्र भी इसी तरह लीक हुआ था। पुलिस का मानना है कि इस पूरे प्रकरण में बड़ी आर्थिक लेन-देन हुई है और इसके पीछे संगठित रैकेट सक्रिय हो सकता है। जांच जारी है।