नागपुर न्यूज डेस्क: नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले नागपुर के एक छात्र को परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई बड़ी गड़बड़ी ने परेशान कर दिया। अब्दुल्ला नामक छात्र ने परीक्षा केंद्र के लिए महाराष्ट्र का विकल्प चुना था, लेकिन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने गलती से उसका सेंटर संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में आवंटित कर दिया।
रविवार को होने वाली परीक्षा से ठीक पहले सामने आई इस त्रुटि से छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई। परिवार के लिए इतने कम समय में पासपोर्ट और वीजा की व्यवस्था करना संभव नहीं था। इसके बाद उन्होंने एनटीए से शिकायत दर्ज कराई और मामले को तत्काल संज्ञान में लेने की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद एनटीए ने अपनी ओर से हुई गलती स्वीकार की। एजेंसी ने बताया कि तकनीकी खामी के कारण केंद्र आवंटन में त्रुटि हुई थी। एनटीए ने आश्वासन दिया कि छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें नागपुर को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 की परीक्षा पहले 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। अब री-एग्जाम को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए देशभर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा से पहले शनिवार को विभिन्न केंद्रों पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई।