नागपुर न्यूज डेस्क: कश्मीर का केसर अपनी खुशबू और कीमत के लिए दुनियाभर में मशहूर है। आमतौर पर इसकी खेती खुले खेतों में की जाती है, लेकिन महाराष्ट्र के नागपुर के एक दंपती ने इसे घर के छोटे से कमरे में उगाने का तरीका खोज निकाला। साल 2020 में दिव्या लोहाकरे होले और उनके पति अक्षय होले ने कश्मीर से केसर के 100 बल्ब खरीदे और धुले में 80 वर्ग फीट के कमरे में इसकी खेती का प्रयोग शुरू किया। कमरे में एसी लगाया और खुद ह्यूमिडिफायर तैयार किया, ताकि केसर के लिए जरूरी तापमान और नमी बनाई जा सके। उनका यह प्रयोग सफल रहा और धीरे-धीरे उन्होंने एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उगाने का अपना तरीका विकसित कर लिया।
आज यह दंपती नागपुर में शाया एंटरप्राइजेज नाम से अपना कारोबार चला रहा है। कंपनी केसर बेचने के साथ उन लोगों को ट्रेनिंग भी देती है, जो घर या किसी छोटे कमरे में केसर की खेती शुरू करना चाहते हैं। स्टार्टअप पीडिया के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में उनके कारोबार ने 4.73 किलो केसर का उत्पादन किया और 30 लाख रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। वहीं, 2025 की टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, खेती और ट्रेनिंग से होने वाली कमाई मिलाकर उनकी सालाना आय करीब 40 से 50 लाख रुपये तक पहुंच गई थी।
ऐसे आया केसर की खेती का आइडिया
दिव्या और अक्षय ने साल 2018 में अपना कारोबार शुरू करने के बारे में सोचना शुरू किया था। उस समय दिव्या एक सरकारी बैंक में काम करती थीं, जबकि अक्षय का थोक कपड़ों का कारोबार था। वह नागपुर और धुले में रेस्टोरेंट भी चला चुके थे। दोनों ऐसा बिजनेस शुरू करना चाहते थे, जिसमें खेती के साथ टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो और ऐसा प्रोडक्ट तैयार किया जा सके जिसकी बाजार में लगातार मांग बनी रहे। उनकी कोशिश थी कि फसल खराब न हो, लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सके और बिकने से बचा हुआ माल रखने का जोखिम भी कम हो।
कई फसलों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद दोनों ने केसर की खेती करने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने करीब डेढ़ साल तक रिसर्च की और कश्मीर के कई चक्कर लगाए। वहां स्थानीय किसानों से खेती के पारंपरिक तरीके सीखे। 30स्टेड्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 से 2020 की शुरुआत के बीच दोनों ने कुल साढ़े तीन महीने कश्मीर में बिताए। दिव्या ने स्टार्टअप पीडिया को बताया कि कनाडा में रहने वाले उनके भाई प्रणय लोहाकरे ने उन्हें घर पर सब्जियां उगाने के चलन के बारे में बताया था। वहीं से उन्हें घर के अंदर केसर उगाने का विचार आया और उन्होंने एरोपोनिक्स तकनीक को अपनाने का फैसला किया।
100 बल्ब से शुरू हुआ सफर
साल 2020 में धुले में रहते हुए दोनों ने कश्मीर से 100 केसर बल्ब मंगवाए और घर के 80 वर्ग फीट के कमरे को खेती के लिए तैयार किया। एसी और ह्यूमिडिफायर की मदद से कमरे का माहौल नियंत्रित किया गया। पहला प्रयोग सफल रहा और 100 में से 80 से ज्यादा बल्बों में फूल आए। इससे उनका भरोसा बढ़ा और उन्होंने इस तकनीक को बेहतर बनाने पर काम जारी रखा। एरोपोनिक्स खेती में पौधों की जड़ें मिट्टी में नहीं होतीं, बल्कि हवा में लटकी रहती हैं। इन जड़ों तक पोषक तत्वों को बारीक फुहार के जरिए पहुंचाया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में तापमान, नमी और रोशनी का खास ध्यान रखना पड़ता है।
अगले कुछ सालों तक दंपती ने अपने सेटअप को बेहतर बनाने और जरूरी मशीनें जुटाने में समय लगाया। दिव्या के मुताबिक, उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती खेती में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को खरीदना था, क्योंकि बाजार में उनकी जरूरत के हिसाब से उपकरण आसानी से उपलब्ध नहीं थे। साल 2018 से दोनों ने रिसर्च, मशीनों, केसर के बल्ब और दूसरे खर्चों पर करीब 15 लाख रुपये लगाए। स्टार्टअप पीडिया के अनुसार, इसमें से लगभग 10 लाख रुपये 300 किलो बल्ब खरीदने और मशीनें जुटाने में खर्च हुए, जबकि बाकी 5 लाख रुपये रिसर्च और अन्य कामों पर लगाए गए।
80 से बढ़कर 400 वर्ग फीट तक पहुंचा फार्म
नागपुर आने के बाद भी दोनों ने अपना प्रयोग जारी रखा। 30स्टेड्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में उन्होंने घर की छत पर 80 वर्ग फीट का इनडोर यूनिट बनाया और उसमें 250 किलो केसर के बल्ब लगाए। इस कमरे, मशीनों और बल्बों पर करीब 8 लाख रुपये खर्च हुए। यहां से पहली फसल में लगभग 1,600 ग्राम केसर मिला। इसे 630 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचकर उन्होंने करीब 10 लाख रुपये कमाए। इसी साल दोनों ने शाया एंटरप्राइजेज की शुरुआत की और अपने ब्रांड के नाम से केसर बेचना शुरू किया। बाद में उन्होंने अपने उत्पादन यूनिट का आकार बढ़ाकर 400 वर्ग फीट कर दिया।
अक्षय ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया था कि उन्होंने केसर इसलिए चुना, क्योंकि इसकी कीमत काफी ज्यादा है और मांग भी बनी रहती है, जबकि देश में इसका उत्पादन कम है। उनकी खेती का चक्र अगस्त के आसपास शुरू होता है। इस दौरान बल्बों को नियंत्रित तापमान वाले कमरे में ट्रे के अंदर रखा जाता है। सही रोशनी और नमी मिलने पर इनमें कलियां और फूल आने लगते हैं। नवंबर के पहले हफ्ते के आसपास फूलों की तुड़ाई की जाती है। इसके बाद बल्बों को मिट्टी वाली ट्रे में रखा जाता है, ताकि उनमें नए बल्ब तैयार हो सकें। दिव्या के मुताबिक, एक बल्ब से चार से पांच नए बल्ब तैयार हो सकते हैं, जिन्हें अगले साल जुलाई तक दोबारा लगाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
वित्त वर्ष 2025 में 30 लाख रुपये का रेवेन्यू
शुरुआत के बाद से दंपती का उत्पादन और कारोबार लगातार बढ़ा है। स्टार्टअप पीडिया के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी ने 10 लाख रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 में 4.73 किलो केसर का उत्पादन हुआ और रेवेन्यू बढ़कर 30 लाख रुपये पहुंच गया। कंपनी एक ग्राम केसर 630 रुपये और आधा ग्राम 350 रुपये में बेचती है। ग्राहक इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप, अमेजन और कंपनी की वेबसाइट के जरिए इसे खरीद सकते हैं। उनके पास एफएसएसएआई सर्टिफिकेशन भी है और केसर की गुणवत्ता की जांच कश्मीर स्थित इंडिया इंटरनेशनल सैफरन ट्रेडिंग सेंटर में कराई जाती है।
दूसरों को भी सिखा रहे हैं केसर की खेती
दिव्या और अक्षय अब सिर्फ खुद केसर उगाने तक सीमित नहीं हैं। वे दूसरे लोगों को भी इनडोर केसर की खेती शुरू करने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। 30स्टेड्स के मुताबिक, उनकी ट्रेनिंग के तीन पैकेज हैं, जिनकी कीमत 7,000 से 15,000 रुपये तक है। हर महीने दो से चार बैच आयोजित किए जाते हैं और एक बैच में करीब पांच लोग शामिल होते हैं। ट्रेनिंग से उन्हें सालाना लगभग 12 से 13 लाख रुपये की कमाई होती है। फरवरी 2025 में टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया था कि दंपती अब तक 150 लोगों को ट्रेनिंग दे चुके थे, जिनमें से 29 लोगों ने अपने केसर फार्म भी शुरू कर दिए थे।
अक्षय के मुताबिक, वे इनमें से कुछ किसानों से केसर वापस खरीदते हैं और फिर उसकी पैकेजिंग और मार्केटिंग करते हैं। उनके साथ जुड़े दूसरे फार्म का उत्पादन भी मिलाकर पिछले साल कुल उत्पादन करीब 45 किलो तक पहुंच गया था। अक्षय ने यह भी बताया था कि पांच साल में उन्होंने करीब 55 लाख रुपये का निवेश किया और इस दौरान 1.3 करोड़ रुपये की कमाई की। उनके अनुसार, मुनाफे का मार्जिन करीब 80 फीसदी रहा। इसकी वजह सोलर बिजली का इस्तेमाल, खाद और मजदूरों पर खर्च न होना और खेती का ज्यादातर काम खुद करना है। अब यह दंपती माइक्रोग्रीन्स की खेती पर भी काम कर रहा है। इसके लिए घर पर माइक्रोग्रीन्स उगाने वाले डीआईवाई किट तैयार किए जा रहे हैं और माइक्रोग्रीन्स पाउडर का ब्रांड लॉन्च करने की भी तैयारी है।