नागपुर न्यूज डेस्क:महाराष्ट्र के नागपुर से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर बीती रात एक बड़ी घटना हुई, जब ट्रेन पर हबीबगंज इलाके के पास कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। ट्रेन संख्या 22691, जो अपने तय वक्त पर नागपुर से रवाना हुई थी, अचानक हुए इस हमले से हड़कंप मच गया। रात का समय होने की वजह से अधिकतर यात्री खाना खा रहे थे, उसी दौरान एक कोच की खिड़की का कांच टूट गया और पत्थर सीधे एक यात्री की थाली में जा गिरा।
घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन को सूचित किया। कुछ यात्रियों ने रेलवे ऐप के जरिए भी मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए रेलवे ने तत्काल आरपीएफ जवानों को ट्रेन में भेजा। जवानों ने ट्रेन के कोचों का निरीक्षण किया और जिन कोचों की खिड़कियां टूटी थीं, उनकी अस्थायी मरम्मत की गई। इसके बाद ट्रेन को दो घंटे की देरी से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
इस हमले ने यात्रियों में डर का माहौल पैदा कर दिया। हालांकि आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द संभाल ली गई, लेकिन इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करते समय अब उन्हें हमेशा सतर्क रहना पड़ता है, क्योंकि बाहर से पत्थर फेंके जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
स्थानीय यात्रियों और रेलवे अधिकारियों का मानना है कि ऐसे कृत्य जानबूझकर किए जाते हैं और इनसे निर्दोष यात्रियों की जान खतरे में पड़ती है। लगातार यह मांग उठ रही है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जाए। रेलवे प्रशासन से यात्रियों की अपील है कि ट्रेन यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।