नागपुर न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के खोपोली पुलिस ने 45 दिनों तक तलाश करने के बाद 23 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर राहुल मिश्रा को राजस्थान के जैसलमेर जिले से ढूंढ निकाला। 7 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ यह सर्च ऑपरेशन रामदेवरा में जाकर खत्म हुआ, जहां राहुल एक होटल में काम कर रहा था। पुलिस को शक है कि राहुल ने खुद ही अपने गायब होने की साजिश रची थी। उसने हादसे, हत्या और अपहरण की झूठी कहानी तैयार की, ताकि गर्लफ्रेंड के परिवार की शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस की कार्रवाई से बच सके।
खोपोली पुलिस के मुताबिक, राहुल तेलंगाना के आदिलाबाद की रहने वाली एक युवती के साथ काम करते हुए उसके करीब आया था। दोनों एक आईटी प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे थे और इसी दौरान उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोप है कि राहुल और युवती के निजी पलों के वीडियो पोर्न वेबसाइट पर सामने आए थे। इसके बाद युवती के परिवार ने स्थानीय साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का मानना है कि इसी शिकायत के बाद राहुल ने खुद को गायब करने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने अपनी मोटरसाइकिल लावारिस छोड़ दी थी। उसने सड़क किनारे एक खाली बैग और जूते-चप्पल रखे और पास में एक आईफोन भी छोड़ दिया। बाद में जांच में पता चला कि वह फोन नकली था। उसका हेलमेट सड़क से करीब 10 फीट नीचे खाई में मिला था। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों को हादसे या आत्महत्या की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने राहुल के परिवार की ओर से जताई गई हत्या की आशंका समेत हादसे, हत्या और अपहरण, तीनों पहलुओं से जांच की।
राहुल की तलाश में पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे लिंक के गरमाल घाट इलाके में चार दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया। ड्रोन और चार रेस्क्यू टीमों की मदद ली गई। बचाव दल के सदस्य 500 से 600 फीट गहरी खाई में भी उतरे, लेकिन राहुल का कोई सुराग नहीं मिला। मामला लगातार चर्चा में रहा और खोपोली पुलिस को मुख्यमंत्री कार्यालय, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के कार्यालयों से भी लगातार फोन आते रहे। खोपोली पुलिस इंस्पेक्टर सचिन हिरे के मुताबिक, तकनीकी जांच और करीब 110 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस राहुल तक पहुंची। राहुल 23 नवंबर को अकोला लौटा और इसके बाद नागपुर स्थित अपने घर पहुंचा।